



जयपुर के महेश नगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक मकान में बने स्टेशनरी गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम धुएं और लपटों से घिर गया। घटना सूर्य नगर कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक आग लगने की सूचना मिली।
जानकारी के अनुसार मकान के अंदर पेन, किताबें और अन्य स्टेशनरी सामग्री का बड़ा गोदाम संचालित किया जा रहा था। कागज और प्लास्टिक सामग्री अधिक मात्रा में होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखकर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों को आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। संकरी गलियों और गोदाम में रखे ज्वलनशील सामान के कारण राहत कार्य में दिक्कतें भी सामने आईं।
करीब चार घंटे तक लगातार प्रयास के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आगजनी में गोदाम में रखा भारी मात्रा में स्टेशनरी सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।