



राजस्थान में नीट-2026 पेपर लीक मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रंग ले लिया है। जयपुर के जमवारामगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए दो भाइयों मांगीलाल बिंवाल और दिनेश बिंवाल को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। विशेष जांच दल (SOG) द्वारा की गई कार्रवाई के बाद यह मामला केवल परीक्षा घोटाले तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिंवाल पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा में जिला महामंत्री पद पर रह चुका है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सहित कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आई हैं। इसके अलावा जमवारामगढ़ से भाजपा विधायक महेंद्र पाल मीणा के जन्मदिन पर लगाए गए शुभकामना पोस्टरों और भाजपा कार्यक्रमों से जुड़ी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोतने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी भाजपा का पदाधिकारी रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसी कारण राजस्थान सरकार ने मामले को दबाने का प्रयास किया और लंबे समय तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। गहलोत ने इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सरकार की भूमिका पर पारदर्शिता की मांग की।
वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षगोविंद सिंह डोटासरा ने भी भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। डोटासरा ने कहा कि जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, वे भाजपा नेताओं और मंत्रियों के करीबी बताए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 22 लाख युवाओं के भविष्य को बेचने वाले लोगों की तस्वीरें भाजपा नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं, जिससे कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं। डोटासरा ने यह भी कहा कि यदि भाजपा का इन आरोपियों से कोई संबंध नहीं है तो पार्टी को सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यदि आरोपी भाजपा से जुड़ा नहीं था तो फिर सरकार ने कथित तौर पर कई दिनों तक मामले को सार्वजनिक होने से क्यों रोके रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने राजनीतिक नुकसान से बचने के लिए कार्रवाई में देरी की।
दूसरी ओर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया। राठौड़ ने कहा कि दिनेश बिंवाल भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता नहीं है और आजकल कोई भी व्यक्ति किसी भी नेता के साथ फोटो खिंचवा सकता है। उन्होंने कहा कि केवल तस्वीरें होने भर से किसी व्यक्ति का पार्टी से औपचारिक संबंध साबित नहीं होता। भाजपा ने कांग्रेस पर मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।
नीट-2026 पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। एक ओर जहां विपक्ष सरकार की भूमिका पर सवाल उठा रहा है, वहीं भाजपा आरोपों को निराधार बताते हुए जांच एजेंसियों को निष्पक्ष रूप से काम करने देने की बात कह रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच लाखों अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
