



अजमेर। सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती के अवसर पर 14 मई 2026 को सूर्य की पहली किरण के साथ तारागढ़ दुर्ग के मुख्य द्वार पर विशेष ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पृथ्वीराज चौहान के वंशज पारंपरिक वेशभूषा में ध्वजारोहण करेंगे।
सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने बताया कि ब्यावर, दिवेर, बर, मगरा तथा अजमेर जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से पृथ्वीराज चौहान के वंशज इस आयोजन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्र सिंह रावत होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा करेंगे।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. कुलदीप शर्मा, डॉ. शैतान सिंह, डॉ. लाल थदानी, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष की पत्नी मीना रावत, पूर्व सैनिक संघ अध्यक्ष कृष्ण मुरारी मिश्रा तथा अभियंता अशोक शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को साध्वी अनादि सरस्वती का संत सानिध्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत पृथ्वीराज चौहान के चित्र पर माल्यार्पण के साथ होगी, जिसके बाद तारागढ़ दुर्ग पर पृथ्वीराज चौहान का ध्वज फहराया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक तरुण वर्मा ने बताया कि पंचांग के अनुसार पृथ्वीराज चौहान का जन्म ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष द्वादशी को हुआ था और इस वर्ष यह तिथि 14 मई को पड़ रही है, इसलिए उसी दिन जयंती मनाई जा रही है।
इस आयोजन की विशेष बात यह रहेगी कि पृथ्वीराज चौहान के वंशज रावत समाज की पूरे भारत की डिजिटल निर्देशिका तैयार करने वाली चार युवतियों — चांदनी, सुनीता, रचना और सुरता रावत — का सम्मान साध्वी अनादि सरस्वती द्वारा किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार 14 मई को सुबह 6:15 बजे सभी श्रद्धालु तारागढ़ दुर्ग मार्ग स्थित पृथ्वीराज चौहान स्मारक पर एकत्रित होंगे। वहां से सैकड़ों दुपहिया और चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ तारागढ़ दुर्ग पार्किंग तक पहुंचेंगे। इसके बाद सभी लोग जुलूस के रूप में दुर्ग के मुख्य द्वार तक जाएंगे, जहां मुख्य आयोजन होगा।
कार्यक्रम में शामिल सभी सनातनियों के गले में पृथ्वीराज चौहान का दुपट्टा रहेगा, जबकि पृथ्वीराज चौहान के वंशज भगवा साफा और सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर शामिल होंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को पूरी तरह राजनीतिक दलों से दूर रखा गया है और इसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं डॉ. कुलदीप शर्मा सेवा संस्थान की ओर से चिकित्सा सुविधा के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सा कर्मियों की व्यवस्था भी की गई है।