



जयपुर। राजस्थान में सरकारी भवनों और संवेदनशील संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को राजधानी जयपुर स्थित SMS Hospital को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम और अभय कमांड सेंटर पर फोन कर अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी तथा 40 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और सिविल डिफेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अस्पताल परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली गई। सुबह के समय अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन मौजूद थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने अतिरिक्त सतर्कता बरती। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि धमकी भरा कॉल हरियाणा से किया गया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी के पीछे केवल दहशत फैलाने की मंशा थी या कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर एक्सपर्ट्स और अन्य जांच एजेंसियों को भी शामिल किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा जांच के दौरान मरीजों और स्टाफ को सतर्क रहने की सलाह दी गई, हालांकि अस्पताल की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राजस्थान विधानसभा, राजस्थान हाईकोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन घटनाओं के बीच कोई आपसी संबंध तो नहीं है।