Wednesday, 13 May 2026

सारण पुलिस का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, मानव तस्करी गिरोह के चंगुल से 19 नाबालिग लड़कियां मुक्त


सारण पुलिस का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, मानव तस्करी गिरोह के चंगुल से 19 नाबालिग लड़कियां मुक्त

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बिहार के सारण जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 नाबालिग बच्चियों को आर्केस्ट्रा संचालकों के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों से तस्करी कर बिहार लाया गया था, जहां उन्हें डरा-धमकाकर जबरन डांस और कथित रूप से देह व्यापार में धकेला जा रहा था।

यह कार्रवाई सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मंगलवार तड़के की गई। पुलिस ने परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्रों में संचालित विभिन्न आर्केस्ट्रा स्थलों पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से भागने की कोशिश करने लगे।

पुलिस जांच में सामने आया कि इन बच्चियों को नौकरी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर बिहार लाया गया था। रेस्क्यू की गई 19 नाबालिग लड़कियों में पश्चिम बंगाल की 7, छत्तीसगढ़ की 5, असम की 4, बिहार की 2 और उत्तर प्रदेश की 1 लड़की शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, इन बच्चियों को प्रताड़ित कर उनसे जबरन नृत्य कराया जा रहा था और उन्हें सामान्य जीवन तथा बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा गया था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दरियापुर निवासी शैलेश राय, मोतिहारी निवासी पंच लाल, परसा निवासी आलोक कुमार और असम निवासी नामता डेकर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बंधुआ मजदूर अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

सारण पुलिस का “आवाज दो अभियान” महिलाओं और बच्चियों के शोषण के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार मई 2023 से अब तक इस अभियान के तहत कुल 366 लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है। इस दौरान 49 मामले दर्ज हुए और 123 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी महिलाओं या बच्चियों के शोषण, मानव तस्करी या जबरन कार्य कराने जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

    Previous
    Next

    Related Posts