Wednesday, 13 May 2026

युवाओं के लिए लगातार काम कर रही सरकार, ढाई साल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ: भजनलाल शर्मा


युवाओं के लिए लगातार काम कर रही सरकार, ढाई साल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ: भजनलाल शर्मा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और पिछले करीब ढाई वर्षों में राजस्थान में एक भी पेपर लीक की घटना नहीं हुई है। मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पिछली सरकार का दौर भी देखा है, जब पेपर लीक और भर्ती विवादों का माहौल बना रहता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के बेहतर अवसर देने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र में चार लाख सरकारी और छह लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का वादा किया था। उन्होंने दावा किया कि अब तक हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने हाल ही में अजमेर जिले के कड़ेल गांव के दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पिछले कुछ समय में 13 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और उसी गांव से आरएएस भर्ती का टॉपर भी निकला है।

उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के लिए शैक्षणिक और प्रतियोगी परीक्षा की सुविधाएं विकसित कर रही है। इसी दिशा में प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई है, जहां लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों की ओर पलायन न करना पड़े और उन्हें गांव में ही आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों की स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले जिन विभागों को घाटे वाला माना जाता था, वे अब लाभ की स्थिति में पहुंच रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि राजस्थान रोडवेज को लेकर पहले नकारात्मक धारणा थी, लेकिन अब रोडवेज मुनाफे में आ रही है। इसके अलावा उन्होंने डेयरी और सहकारिता क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही। सीएम ने बताया कि सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में 10 लाख नए सदस्य बनाए हैं और अब प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारिता यूनिट खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार, शिक्षा और तकनीकी संसाधनों से जोड़कर आत्मनिर्भर राजस्थान का निर्माण करना है।

Previous
Next

Related Posts