



उदयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमनाथ स्वाभिमान वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में 11 मई को उदयपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंदिर में दर्शन के बाद कहा कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद समस्त प्रदेशवासियों पर बना रहे और राष्ट्र निरंतर विकास एवं प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे, यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत भारत की पहचान है तथा ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रीय चेतना का संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उदयपुर से भाजपा सांसद मन्नालाल रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह, उदयपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा तथा उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सोमनाथ स्वाभिमान वर्ष के तहत प्रदेशभर में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से भारतीय संस्कृति और आस्था से जुड़े संदेश जन-जन तक पहुंचाए जा रहे हैं।