



कोटा। शहर के मोटर मार्केट क्षेत्र में रविवार देर रात एक ऑटो पार्ट्स और ग्लास की तीन मंजिला दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। घटना में लाखों रुपए के ऑटो पार्ट्स और अन्य सामान के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे पड़ोसी राजेश गुप्ता ने दुकान से धुआं उठता देखा और तुरंत दुकान मालिक मलिक हंसराज को सूचना दी। इसके बाद दमकल कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम पांच दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दमकल कर्मियों ने युद्धस्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। रात करीब 12:30 बजे तक बिल्डिंग की पहली और दूसरी मंजिल पर लगी आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन तीसरी मंजिल पर आग लगातार फैलती रही। इसके बाद लैडर और अतिरिक्त संसाधनों की मदद से आग बुझाने का अभियान तेज किया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में छह और दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कुल 11 दमकल वाहन और लगभग 30 फायर फाइटर्स कई घंटों तक आग बुझाने में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से दुकान में रखे महंगे ऑटो पार्ट्स, ग्लास और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही कोटा के झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल में भी भीषण आग लगी थी। उस घटना में भी शॉर्ट सर्किट को कारण माना गया था। मॉल में लगी आग ने करोड़ों रुपए के सामान और भवन को नुकसान पहुंचाया था। बाद में विज्ञान नगर थाना पुलिस ने मॉल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया था। लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बाद शहर में व्यावसायिक भवनों की फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।