



अजमेर। भजनलाल शर्मा ने अजमेर जिले के कड़ेल गांव में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में घूमकर बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और युवाओं से मुलाकात की तथा राज्य और केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ और प्रभाव की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और विकास संबंधी मांगों पर चर्चा की। इसी दौरान ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने कड़ेल गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांव के प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और गांवों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से सीधे संवाद से जमीनी स्तर की आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के पैदल भ्रमण और ग्रामीणों के बीच सहज संवाद को लेकर गांव में विशेष उत्साह का माहौल रहा।
