



अजमेर। भजनलाल शर्मा ने 11 मई को अजमेर जिले की कड़ेल ग्राम पंचायत में आयोजित ‘ग्राम विकास चौपाल’ कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आत्मीयता और सादगी का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत कड़ेल में श्री लादू राम जी के निवास पर ग्रामीणों और परिवारजनों के साथ स्नेहिल भोजन किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनके अपनत्व और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांवों की आत्मीयता और लोगों का स्नेह उन्हें जनसेवा के संकल्प को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में लोगों के साथ बैठकर भोजन करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक जुड़ाव और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने परिवार के सदस्यों द्वारा दिए गए मान-सम्मान और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से धन्यवाद जताया।
ग्राम विकास चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के इस सादगीपूर्ण कार्यक्रम को ग्रामीणों ने विशेष आत्मीयता के साथ देखा और इसे जनप्रतिनिधि तथा आमजन के बीच मजबूत संवाद का उदाहरण बताया।