



हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वैश्विक हालात और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस की खपत कम करने की अपील की। हैदराबाद में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पड़ोसी देशों में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है और इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कई गुना बढ़ोतरी हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के पास तेल के बड़े भंडार नहीं हैं, इसलिए वैश्विक संकट का असर देश पर ज्यादा पड़ता है। उन्होंने लोगों से वर्क फ्रॉम होम, मेट्रो यात्रा और कारपूलिंग जैसे विकल्प अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा उपलब्ध है, वहां लोग निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करें और एक वाहन में ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ सफर करें।
पीएम मोदी ने सोने की खरीद को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पहले युद्ध के समय लोग देशहित में सोना दान कर देते थे, लेकिन आज ऐसी जरूरत नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अगले एक साल तक कोई भी कार्यक्रम हो, सोना खरीदने से बचें। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
पीएम मोदी ने बताया कि भारत में सोने के आयात पर भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय परिवारों और मंदिरों में लगभग 50 हजार टन सोना रखा हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग 830 लाख करोड़ रुपए है।
उन्होंने खाद्य तेल की खपत कम करने पर भी जोर दिया और कहा कि यदि हर परिवार खाने के तेल का थोड़ा कम उपयोग करे तो इससे विदेशी मुद्रा की बचत के साथ लोगों की सेहत भी बेहतर होगी।
पीएम मोदी ने किसानों से रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को रासायनिक उर्वरकों की खपत आधी करने का लक्ष्य तय करना चाहिए। इसके अलावा पीएम मोदी ने लोगों से कुछ समय तक विदेश यात्राएं टालने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि महंगे ईंधन और वैश्विक हालात के कारण भारत पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है, इसलिए शादियों, छुट्टियों और अन्य कारणों से विदेश यात्रा कम करना देशहित में होगा।