



जयपुर। शनिवार रात जब शहर के अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे थे, उस समय जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम और प्रशासन की टीमें सड़कों पर सक्रिय थीं। रात करीब 11:30 बजे शुरू हुआ ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ रविवार तड़के तक जारी रहा। इस विशेष रात्रिकालीन सफाई अभियान में 2500 से अधिक सफाईकर्मियों और निगम कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
अभियान के तहत परकोटा और हेरिटेज क्षेत्र की गलियों, बाजारों और प्रमुख सड़कों की व्यापक सफाई की गई। यह नगर निगम की अब तक की सबसे बड़ी रात्रिकालीन सफाई मुहिम मानी जा रही है। खास बात यह रही कि केवल सफाईकर्मी ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारी भी पूरी रात मौके पर मौजूद रहे।
संदेश नायक और ओम कसेरा स्वयं स्कूटी पर बैठकर परकोटे की तंग गलियों और बाजारों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते नजर आए। दोनों अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें मिठाई खिलाकर उनका मनोबल बढ़ाया।
कलेक्टर संदेश नायक ने कहा कि अब तक रात्रिकालीन सफाई मुख्य सड़कों तक सीमित रहती थी, लेकिन पहली बार परकोटे की अंदरूनी गलियों में इतने बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले आयोजित स्वच्छता मैराथन में भी रिकॉर्ड मात्रा में कचरा उठाया गया था और अब उसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होने वाला है और प्रशासन का लक्ष्य जयपुर को देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल करना है। कलेक्टर ने नागरिकों से भी सफाई अभियान में सहयोग की अपील की।
नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने कहा कि जयपुर को बेहतर से बेहतरीन बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसमें आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कभी कचरा संग्रहण वाहन समय पर नहीं पहुंचे तो लोग सड़क पर कचरा फेंकने के बजाय अगले दिन तक इंतजार करें।