Sunday, 10 May 2026

सी जोसेफ विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री, गैर-द्रविड़ दल की 59 साल बाद सत्ता में वापसी


सी जोसेफ विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री, गैर-द्रविड़ दल की 59 साल बाद सत्ता में वापसी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

चेन्नई। सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिल भाषा में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान एक दिलचस्प क्षण तब आया जब विजय शपथ के निर्धारित प्रारूप से आगे अतिरिक्त बातें बोलने लगे। इस पर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें टोकते हुए केवल लिखित शपथ पढ़ने के लिए कहा।

विजय के साथ उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के 9 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं। खास बात यह रही कि पहले मंत्रिमंडल में सहयोगी दलों के किसी विधायक को शामिल नहीं किया गया।

इससे पहले शनिवार को विजय ने राज्यपाल को TVK, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, विदुथलाई चिरुथैगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के कुल 121 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे थे। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया।

दो वर्ष पहले बनी विजय की पार्टी TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 234 में से 108 सीटें जीतकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया। सहयोगी दलों के समर्थन के बाद विजय के पास कुल 121 विधायकों का समर्थन हो गया, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता थी।

राजनीतिक दृष्टि से यह परिणाम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि तमिलनाडु में वर्ष 1967 के बाद पहली बार किसी गैर-द्रविड़ दल का मुख्यमंत्री बना है। इससे पहले वर्ष 1963 से 1967 तक एम भक्तवत्सलम कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री रहे थे।

TVK प्रमुख और अभिनेता सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ,  राहुल गांधी
TVK प्रमुख और अभिनेता सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ, राहुल गांधी
    Previous
    Next

    Related Posts