Sunday, 10 May 2026

जयपुर मेट्रो फेज-2 को एडीबी से मिलेगा ₹6565 करोड़ का ऋण, परियोजना में तेजी


जयपुर मेट्रो फेज-2 को एडीबी से मिलेगा ₹6565 करोड़ का ऋण, परियोजना में तेजी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण के लिए राजस्थान सरकार को करीब 6565 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध कराएगा। हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट से स्वीकृत इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति देने के लिए राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को नई दिल्ली में एडीबी अधिकारियों के साथ बैठक कर ऋण प्रक्रिया और परियोजना पैकेजों की प्रगति पर चर्चा की।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के अधिकारियों के साथ कुल आठ बैठकों में हिस्सा लिया। इन बैठकों में प्रदेश की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई।

जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की कुल लागत करीब 13,500 करोड़ रुपए बताई जा रही है। परियोजना के सात प्रमुख पैकेजों में से सिविल पैकेज की बिड प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा सिग्नलिंग, कूलिंग, रोलिंग स्टॉक, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और ट्रैक से जुड़े छह अन्य पैकेजों पर भी जल्द काम शुरू होने की संभावना है।

बैठक में राजस्थान की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भी एडीबी से वित्तीय सहायता को लेकर चर्चा हुई। इनमें राजस्थान शहरी लिवेबिलिटी परियोजना के लिए 10,959 करोड़ रुपए, वन विभाग की पृथ्वी परियोजना के लिए 1140 करोड़ रुपए तथा जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं के लिए 3707 करोड़ रुपए की संभावित ऋण सहायता शामिल है। बताया जा रहा है कि इन परियोजनाओं के संबंध में एडीबी की टीम जल्द राजस्थान का दौरा करेगी।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने इस दौरान कैबिनेट सचिव टीवीके सोमनाथ, गृह सचिव गोविन्द मोहन और प्रधानमंत्री के सलाहकार शक्तिकांत दास से भी मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश में चल रहे नवाचारों और विकास योजनाओं की जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार कैबिनेट सचिव ने राजस्थान सरकार की “राज उन्नति” पहल को अन्य राज्यों में भी लागू करने की संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने का सुझाव दिया है।

    Previous
    Next

    Related Posts