



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यशाला को संबोधित किया। यह कार्यशाला विधि एवं विधिक कार्य विभाग द्वारा लोक अभियोजकों और विशेष लोक अभियोजकों के लिए नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर कानूनों तथा विशेष योग्यजनों से संबंधित कानूनों के विषय पर आयोजित की गई थी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते समय के साथ कानूनों की प्रकृति और चुनौतियां भी बदल रही हैं। ऐसे में लोक अभियोजकों और अधिवक्ताओं के लिए नए आपराधिक और साइबर कानूनों की गहन समझ बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने में अभियोजन पक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक और कानूनी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से साइबर अपराधों और विशेष योग्यजनों से जुड़े मामलों में कानूनी जागरूकता और विशेषज्ञता की आवश्यकता बढ़ी है।
कार्यशाला में विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक और अधिवक्ता शामिल हुए। कार्यशाला के दौरान नए कानूनों के व्यावहारिक पहलुओं, साइबर अपराधों से निपटने की रणनीतियों और विशेष योग्यजनों से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।