



भारत के इतिहास में वीरता, स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष का नाम आते ही महाराणा प्रताप का स्मरण सबसे पहले होता है। मेवाड़ के महान योद्धा महाराणा प्रताप का जन्म 9 मई 1540 को राजस्थान के कुंभलगढ़ किला में हुआ था। वे मेवाड़ के 13वें शासक थे और उदय सिंह द्वितीय के ज्येष्ठ पुत्र थे।
महाराणा प्रताप का जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके पिता उदय सिंह द्वितीय ने चित्तौड़ से मेवाड़ पर शासन किया और बाद में उदयपुर शहर की स्थापना की। महाराणा प्रताप ने अपने शासनकाल में मुगल सम्राट अकबर की अधीनता स्वीकार करने से इनकार कर दिया और मेवाड़ की स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए लगातार संघर्ष किया।
वर्ष 1576 में प्रसिद्ध हल्दीघाटी का युद्ध लड़ा गया, जिसमें महाराणा प्रताप की सेना का सामना अकबर की सेना से हुआ। मुगल सेना का नेतृत्व आमेर के राजा मान सिंह प्रथम ने किया था। महाराणा प्रताप ने अत्यंत वीरता और साहस के साथ युद्ध लड़ा, हालांकि युद्ध में उन्हें पीछे हटना पड़ा।
महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़ी सबसे भावनात्मक घटनाओं में उनके प्रिय घोड़े चेतक की कहानी भी शामिल है। कहा जाता है कि युद्ध के दौरान चेतक ने अपने स्वामी की रक्षा करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और उसी दौरान उसने अपने प्राण त्याग दिए। चेतक की निष्ठा और बलिदान आज भी इतिहास में अमर हैं।
हल्दीघाटी युद्ध के बाद भी महाराणा प्रताप ने हार नहीं मानी और संघर्ष जारी रखा। वर्ष 1579 के बाद उन्होंने कुंभलगढ़, उदयपुर और गोगुन्दा सहित पश्चिमी मेवाड़ के कई क्षेत्रों को पुनः अपने नियंत्रण में ले लिया। इसी दौरान उन्होंने वर्तमान डूंगरपुर के पास चावंड को अपनी नई राजधानी बनाया।
महाराणा प्रताप का निधन 19 जनवरी 1597 को हुआ, लेकिन उनका साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरणा देता है। उनकी जयंती पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है और उनके अदम्य संघर्ष को याद किया जाता है।