



जयपुर। राजस्थान सचिवालय स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) सेक्शन में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। घटना के बाद तत्काल एमसीबी ट्रिप कर बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे स्थिति को और गंभीर होने से बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों और कर्मचारियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
मौके पर डीआईपीआर के अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक स्तर पर किसी दस्तावेज या बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विभागीय स्तर पर पूरी स्थिति की समीक्षा की जा रही है।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। दमकल और तकनीकी टीमों द्वारा विद्युत व्यवस्था तथा अन्य संभावित कारणों का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।