



जयपुर। महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष में जयपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैनी समाज की ओर से भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी को राष्ट्रीय आयोजन समिति में सदस्य बनाए जाने पर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले का मानना था कि शिक्षा ही हर समस्या का समाधान है और राज्य सरकार भी इसी सोच के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय तथा प्रत्येक जिले में महात्मा ज्योतिबा फुले मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार ने छात्रवृत्ति राशि बढ़ाकर 75 हजार रुपए कर दी है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों के हित में भी लगातार कार्य कर रही है। सहकारिता से 10 लाख से अधिक लोगों को जोड़ने, डेयरी क्षेत्र में उत्पादन क्षमता बढ़ाने, फसल बीमा योजना को प्रभावी बनाने और वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोपालक कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं किसानों और पशुपालकों को राहत देने में सहायक साबित हो रही हैं। साथ ही “खेत का पानी खेत में और गांव का पानी गांव में” रोकने के उद्देश्य से जल संरक्षण से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने भूपेंद्र सैनी को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने को पूरे समाज के लिए गौरव का विषय बताया। राठौड़ ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने 200 वर्ष पहले शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता की जो अलख जगाई थी, वह आज भी समाज को नई दिशा दे रही है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व सांसद कैलाश चौधरी, मंत्री अविनाश गहलोत, पूर्व मंत्री प्रभूलाल सैनी, विधायक बाल मुकुंदाचार्य सहित कई जनप्रतिनिधि और सैनी समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।