



बीकानेर। बीकानेर पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहकर उनकी अवैध कमाई के नेटवर्क पर भी सीधा प्रहार कर रही है। इसी रणनीति के तहत शुक्रवार को पुलिस ने जिले के एक हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध पानी कारोबार को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस ने 34 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर प्रदीप कुमार नगरासर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी के पास संचालित उसके अवैध पानी सप्लाई नेटवर्क को खत्म किया। आरोप है कि आरोपी ने मुख्य पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन कर रखा था और वहां से टैंकरों के जरिए पानी बेचकर अवैध कमाई कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की सहायता से खुदाई कर अवैध पाइप लाइन को काटा गया। इस दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे इलाके में काफी हलचल देखने को मिली। कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।
मौके पर पीएचईडी के एईएन योगेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे नेटवर्क की जांच कर अवैध कनेक्शन हटाने की प्रक्रिया पूरी की।
अनुज डाल ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अब पुलिस की रणनीति सिर्फ अपराधियों को जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके गैरकानूनी धंधों और अवैध आय के स्रोतों को भी समाप्त करना है। पुलिस ऐसे लोगों की संपत्तियों और अवैध कारोबार की जानकारी जुटाकर लगातार कार्रवाई कर रही है।
यह पूरी कार्रवाई मृदुल कच्छावा के निर्देशन और चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है कि अब अपराध के साथ-साथ उसकी आर्थिक जड़ों पर भी सीधा वार किया जाएगा।