Saturday, 09 May 2026

एसएमएस स्टेडियम पहुंचे उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल, राजस्थान रॉयल्स के प्रैक्टिस सेशन का लिया जायजा


एसएमएस स्टेडियम पहुंचे उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल, राजस्थान रॉयल्स के प्रैक्टिस सेशन का लिया जायजा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। लक्ष्मी निवास मित्तल शुक्रवार को अपने बेटे के साथ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के प्रैक्टिस सेशन को करीब से देखा। स्टेडियम में उनकी मौजूदगी ने खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

इस दौरान राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी के मौजूदा मालिक मनोज बदाले भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों ने रॉयल बॉक्स में खड़े होकर खिलाड़ियों की प्रैक्टिस देखी और टीम की तैयारियों को समझा। मनोज बदाले ने मित्तल को स्टेडियम की व्यवस्थाओं, दर्शक सुविधाओं और टीम संचालन से जुड़ी जानकारी दी। साथ ही टीम कॉम्बिनेशन और फ्रेंचाइजी की रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बताया जा रहा है कि हाल ही में लक्ष्मी निवास मित्तल ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी को करीब 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक की वैल्यूएशन पर खरीदा है। ऐसे में उनका जयपुर पहुंचकर टीम की गतिविधियों और खिलाड़ियों को करीब से देखना फ्रेंचाइजी के भविष्य की रणनीतिक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

मैदान पर प्रैक्टिस के दौरान राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी नेट्स में जमकर अभ्यास करते नजर आए। इसी दौरान मित्तल खिलाड़ियों की गतिविधियों को ध्यान से देखते रहे और टीम प्रबंधन के साथ लगातार चर्चा करते दिखाई दिए। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने स्टेडियम के स्ट्रक्चर, दर्शक सुविधाओं और संचालन व्यवस्था से जुड़ी कई जानकारियां भी लीं।

राजस्थान रॉयल्स का अगला मुकाबला 9 मई को जयपुर में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेला जाएगा। ऐसे में टीम प्रबंधन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है और खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं। मित्तल की मौजूदगी ने इस प्रैक्टिस सेशन को और भी खास बना दिया।

Previous
Next

Related Posts