



जयपुर। राजस्थान सरकार के गृह विभाग (ग्रुप-1) ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश राजस्थान सिविल सेवा नियम-2011 के तहत तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार कई नवनियुक्त उप पुलिस अधीक्षकों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पद पर पदस्थापित किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को एक इकाई से दूसरी इकाई में स्थानांतरित किया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना और विभिन्न इकाइयों में कार्य व्यवस्था को मजबूत करना बताया जा रहा है।
जारी आदेशों के तहत झाबरमल को एसीबी टोंक से ट्रांसफर कर एसीबी एसआईडब्ल्यू जयपुर में लगाया गया है। वहीं ज्ञान सिंह चौधरी को एसीबी मुख्यालय जयपुर से दौसा भेजा गया है। ऋषिकेश मीणा को बांसवाड़ा से टोंक में पदस्थापित किया गया है।
इसके अलावा गोपाल स्वरूप मेवाड़ा को चित्तौड़गढ़, रामेश्वर परिहार को सवाई माधोपुर, राजवीर सिंह चंपावत को ब्यावर, भूपेंद्र सिंह को फलोदी और सतपाल सिंह को डीडवाना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी के रूप में नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग के इस फैसले को एसीबी की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर इन बदलावों के बाद विभिन्न जिलों और इकाइयों में भ्रष्टाचार निरोधक जांच कार्यों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

