



जयपुर। जयपुर में घरों में सप्लाई होने वाली पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आज से महंगी हो गई है। PNG सेवा प्रदाता टोरेंट गैस लिमिटेड ने कीमतों में करीब 2 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी की है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
नई दरों के अनुसार अब PNG की कीमत 49.50 रुपए प्रति SCM से बढ़कर 51.50 रुपए प्रति SCM हो गई है। यह बढ़ोतरी शहर के हजारों उपभोक्ताओं को सीधे प्रभावित करेगी, जो घरेलू गैस के रूप में PNG का उपयोग करते हैं।
जयपुर में कालवाड़ रोड, सिरसी रोड, वैशाली नगर, महिंद्रा सेज और मानसरोवर सेक्टर-8 सहित कई क्षेत्रों में करीब 25 हजार से अधिक घरों में PNG कनेक्शन हैं। इन इलाकों में रहने वाले उपभोक्ताओं को अब बढ़ी हुई दरों पर गैस का भुगतान करना होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 4 अप्रैल को भी टोरेंट गैस सहित अन्य कंपनियों ने सीएनजी की कीमतों में करीब 2.5 रुपए की वृद्धि की थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते घरेलू बाजार में भी इसका असर देखने को मिल रहा है।