



अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने राज्य सरकार की सिफारिश के बाद उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परीक्षा अब नए सिरे से आयोजित की जाएगी। इस संबंध में आधिकारिक सूचना आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। भर्ती प्रक्रिया पहले की तरह 859 पदों के लिए ही संचालित होगी।
आरपीएससी के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू के अनुसार, पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 13 से 15 सितंबर 2021 के बीच आयोजित पूर्व लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्र दिए थे। ऐसे कुल 3 लाख 83 हजार 097 अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति होगी।
गौरतलब है कि परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में कई अभ्यर्थियों पर आरोप तय किए गए हैं। इन अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा में शामिल किया जाएगा या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय RPSC की फुल कमीशन बैठक में लिया जाएगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्रों में संशोधन का अवसर भी दिया है। यह प्रक्रिया 16 मई से 30 मई 2026 तक चलेगी, जिसके दौरान अभ्यर्थी मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पत्राचार का पता अपडेट कर सकेंगे।
संशोधन से पहले अभ्यर्थियों को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा। यदि किसी अभ्यर्थी ने अपनी एसएसओ आईडी बदली है, तो वह ‘फेच एप्लिकेशन फॉर्म’ विकल्प के जरिए पुराना डेटा नए प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकता है। साथ ही, ओटीआर में सेव फोटो, सिग्नेचर और अंगूठे का निशान स्वतः ही अपडेट हो जाएंगे।