



जयपुर। अशोकनगर थाना पुलिस ने 30 करोड़ रुपए के फर्जी टेंडर दस्तावेज सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को महज 12 घंटे में गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी ने भाजपा पदाधिकारियों के नाम और लेटरहेड का दुरुपयोग कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त किए हैं।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि इस संबंध में अजय कुमार विजयवर्गीय द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने भाजपा पदाधिकारियों के नाम और संगठनात्मक पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने “NAMODOOT RAJASTHAN CAMPAIGN Election Outreach & Ground Mobilisation Programme” के नाम से एक फर्जी आरएफपी दस्तावेज तैयार किया था, इसमें भाजपा आईटी सेल नई दिल्ली और अमित मालवीय के नाम का उपयोग करते हुए 30 करोड़ रुपए के कथित टेंडर, ईएमडी और अन्य वित्तीय जानकारियां दर्शाई गई थीं। इसके अलावा एक अन्य पत्र में मदन राठौड़ के नाम और भाजपा लेटरहेड का इस्तेमाल किया गया था। फर्जी टेंडर प्रक्रिया में ईएमडी राशि जमा कराने के लिए एसबीआई खाते की जानकारी भी साझा की गई, जो भाजपा का अधिकृत खाता नहीं था।
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर महेशनगर निवासी पुलकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने एक बड़ी कंपनी में नौकरी पाने के उद्देश्य से एआई तकनीक और इंटरनेट का उपयोग कर यह फर्जी टेंडर तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त उपकरण जब्त कर लिए हैं और मामले में विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के फर्जीवाड़े के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।