



सीकर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार, 8 मई को सीकर जिले की जाजोद ग्राम पंचायत में प्रातः भ्रमण कर ग्रामीण जीवन की सहजता और प्रकृति की सुंदरता का अनुभव किया। उन्होंने कहा कि गांव की हरियाली, स्वच्छ वातावरण और सकारात्मक परिवेश ने मन को विशेष आनंद और आत्मीयता से भर दिया, जो प्रदेश की समृद्ध ग्रामीण संस्कृति का सुंदर प्रतिबिंब है।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा साथियों, मातृशक्ति, बुजुर्गों और बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आमजन के स्नेह, विश्वास और अपनत्व को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि यही भाव उन्हें प्रदेशवासियों की सेवा के लिए निरंतर समर्पित रहने की ऊर्जा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक गांव का समग्र विकास सुनिश्चित करना और आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने दोहराया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।