



सीकर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को सीकर जिले के खण्डेला क्षेत्र के ग्राम जाजोद में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसानों, पशुपालकों और खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसान की मजबूती ही गांव, प्रदेश और देश की समृद्धि का आधार है। मुख्यमंत्री ने आधुनिक खेती, नवाचार और सरकारी योजनाओं के अधिकतम लाभ उठाने पर जोर देते हुए किसानों से उन्नत तकनीकों को अपनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपए किया है, जिसे भविष्य में 12 हजार तक बढ़ाने की योजना है। साथ ही गोपाल क्रेडिट कार्ड, मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट और बीज किट जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और पीएम कुसुम योजना के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं और अब तक सवा लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने युवाओं से नौकरी लेने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए खण्डेला में खेल स्टेडियम खोलने की घोषणा की। साथ ही 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट से अधिक से अधिक किसानों को जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने फलदार वृक्ष लगाने, जल संरक्षण और जैविक खेती को अपनाने की भी सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने पशुपालकों से भी संवाद किया और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा, विधायक सुभाष मील, गोरधन वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जाजोद गांव में रात्रि विश्राम भी करेंगे।