Friday, 08 May 2026

जयपुर में 9 मई को ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’, परकोटा-हेरिटेज क्षेत्र में रातभर चलेगा सफाई अभियान


जयपुर में 9 मई को ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’, परकोटा-हेरिटेज क्षेत्र में रातभर चलेगा सफाई अभियान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। नगर निगम जयपुर 9 मई को शहर के परकोटा और हेरिटेज क्षेत्र में बड़े स्तर पर विशेष रात्रिकालीन सफाई अभियान चलाने जा रहा है। ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत करीब 2 हजार सफाईकर्मी रातभर सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य शहर के पुराने हिस्से को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाना है, जिसके लिए निगम प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि यह अभियान रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक संचालित होगा। दिन के समय ट्रैफिक और भीड़भाड़ के कारण सफाई कार्यों में बाधा आती है, इसलिए बेहतर परिणाम के लिए रात में यह ड्राइव आयोजित की जा रही है। अभियान के दौरान सफाई के साथ-साथ सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे।

अभियान में 2000 से अधिक सफाईकर्मियों को तैनात किया जाएगा, जिन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें हूपर मशीनें, डंपर, झाड़ू, हाथ गाड़ियां, फावड़े, टॉर्च, गम बूट और नाइट जैकेट शामिल हैं। पूरे अभियान की निगरानी के लिए 36 बीट्स बनाई गई हैं, जहां अधिकारियों और टीमों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

निगम का मुख्य फोकस जयपुर के ऐतिहासिक हेरिटेज और परकोटा क्षेत्र पर रहेगा, जहां कचरा निष्पादन, सड़कों और दीवारों की सफाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। कमिश्नर ने कहा कि यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने में नगर निगम का यह तीसरा बड़ा विशेष अभियान है। इससे पहले ‘स्वच्छता मैराथन’ और ‘रंग दे जयपुर’ जैसे अभियान भी सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली थी।

Previous
Next

Related Posts