



जयपुर। राजस्थान पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने 84 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों (ASP) के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत कई जिलों और इकाइयों में लंबे समय से कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सूची में बड़ी संख्या में नवपदोन्नत एएसपी भी शामिल हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी सूची के अनुसार निशांत भारद्वाज को पुलिस मुख्यालय जयपुर की आयोजन आधुनिकीकरण एवं विकास शाखा से हटाकर पाली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। दीपक कुमार को अजमेर ग्रामीण से अलवर शहर भेजा गया है, जबकि डॉ. लालचंद कायल को लीव रिजर्व सतर्कता जयपुर से अजमेर ग्रामीण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में शंकर लाल मीणा को महिला अपराध अनुसंधान सेल भरतपुर से दौसा तैनात किया गया है। अतुल साहू को भिवाड़ी से पुलिस मुख्यालय जयपुर की आयोजन आधुनिकीकरण एवं विकास शाखा में लगाया गया है, वहीं श्रीमन लाल मीणा को जयपुर पुलिस आयुक्तालय से भिवाड़ी भेजा गया है। संदीप सारस्वत को एसीबी जयपुर से हटाकर जयपुर ग्रामीण हाईवे यातायात में एएसपी बनाया गया है।
नरेंद्र चौधरी को जोधपुर पुलिस आयुक्तालय से अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर कोटा भेजा गया है। राजेश चौधरी को बारा से हटाकर आरएसी की 9वीं बटालियन टोंक में डिप्टी कमांडेंट नियुक्त किया गया है। कमल कुमार जांगिड़ को धौलपुर के बाड़ी से बारां जिले में एएसपी पद पर तैनाती दी गई है।
गृह विभाग ने कुछ पूर्व तबादला आदेशों में संशोधन भी किया है। हिम्मत सिंह का पूर्व ट्रांसफर आदेश निरस्त कर दिया गया है, जबकि यशपाल त्रिवेदी को अलवर में अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सरकार के इस व्यापक फेरबदल को कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।