



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के जयपुर शहर परिवार ने तीन राज्यों में पार्टी की जीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्राप्त जनादेश के उपलक्ष्य में उत्सव मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जश्न को यादगार बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत उस वादे को पूरा करने से हुई, जिसके तहत पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत मिलने पर कार्यकर्ताओं को “धुरंधर-2” फिल्म दिखाने का संकल्प लिया था।
फिल्म प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और गगनभेदी नारों के साथ एक रैली निकाली। इस दौरान पार्टी और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और सम्मान का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जयपुर के विभिन्न मंडलों से कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, मोर्चा पदाधिकारी, मातृ शक्ति और युवा मोर्चा के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं का विशेष सम्मान भी किया गया। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक बाल मुकुंदाचार्य, रवि नैयर, अशोक सैनी, सोमकांत शर्मा और जयपुर हेरिटेज की मेयर कुसुम यादव शामिल रहे।
कार्यक्रम में नेताओं ने कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन को इस जीत का प्रमुख कारण बताया तथा भविष्य में भी संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
