



जयपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को जयपुर पहुंचे, जहां स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका औपचारिक स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर रक्षा मंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जयपुर में ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए हैं। वे यहां सप्त शक्ति कमान (साउथ वेस्टर्न कमांड) में आयोजित संयुक्त कमांडर्स सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
यह सम्मेलन देश की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें सैन्य रणनीति, ऑपरेशनल समन्वय और भविष्य की चुनौतियों पर मंथन किया जाएगा।