Thursday, 07 May 2026

सवाई मानसिंह अस्पताल में अब शाम को भी ओपीडी: बढ़ती भीड़ के बीच 5 से 7 बजे तक इलाज की सुविधा


सवाई मानसिंह अस्पताल में अब शाम को भी ओपीडी: बढ़ती भीड़ के बीच 5 से 7 बजे तक इलाज की सुविधा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। गर्मी के मौसम में बढ़ती मौसमी बीमारियों और अस्पताल में उमड़ रही मरीजों की भीड़ को देखते हुए सवाई मानसिंह अस्पताल में अब शाम के समय भी ओपीडी (आउटडोर पेशेंट विभाग) संचालित की जाएगी। हेल्थ डिपार्टमेंट की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के निर्देश पर यह ओपीडी शाम 5 बजे से 7 बजे तक चलेगी, जिससे मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने अस्पताल का निरीक्षण करते हुए विभिन्न काउंटरों पर भारी भीड़ देखी। काउंटर नंबर 10 और 11 पर मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत के दौरान सामने आया कि कई आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों को बाहर से खरीदकर दवाइयां लेनी पड़ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा योजना में सूचीबद्ध कई दवाइयों की नियमित सप्लाई बाधित है, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर खरीदकर वितरण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मानसिंह अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने सुझाव दिया कि मौसमी बीमारियों को देखते हुए पहले भी इवनिंग ओपीडी चलाई जा चुकी है, जिसे दोबारा शुरू किया जा सकता है। इस पर सहमति जताते हुए शाम 5 से 7 बजे तक जनरल मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों के साथ इवनिंग ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा प्रमुख शासन सचिव ने अस्पताल प्रबंधन को कई अन्य निर्देश भी दिए। जिन दवाइयों की सप्लाई बाधित है, उन्हें नियमानुसार खरीदकर मरीजों को उपलब्ध कराने, ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर पर अतिरिक्त स्टाफ लगाने, अस्पताल परिसर में पेयजल और कूलिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जनरल वार्ड में कूलर या एसी लगाने के निर्देश दिए गए। इन कदमों से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Previous
Next

Related Posts