


राजसमंद। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांगठकला में आयोजित एक भव्य समारोह में 67 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश के साथ-साथ राजसमंद क्षेत्र में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।
समारोह में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर वर्ग के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। वहीं विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों का विस्तार करना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना भी है।
कार्यक्रम के तहत सांगठकला से सहाडा गंगापुर वाया साकरोदा, सुन्दरचा, तासोल, खटामला एवं बिनोल तक 28.90 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य, जिसकी लागत 47.96 करोड़ रुपये है, प्रमुख रूप से शामिल रहा। इसके अतिरिक्त पुठोल में 50 लाख रुपये की लागत से बने नवीन पंचायत भवन का उद्घाटन भी किया गया।
लोकार्पण कार्यों में पसुन्द क्षेत्र में 80 लाख रुपये की लागत से बीटी सड़क, सापोल से आत्मा रोड तक 3 करोड़ रुपये की सड़क तथा एमड़ी में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण शामिल है। वहीं शिलान्यास कार्यों में विभिन्न ग्रामीण सड़कों का निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन तथा सांगठ बांध और नहर प्रणाली के जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। कुल मिलाकर 67.46 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए।
इस अवसर पर कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।