



कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले 8 मई को विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इसी बीच राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के आवास से अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा हटा ली गई है, हालांकि उन्हें पूर्व की भांति Z-कैटेगरी सुरक्षा उपलब्ध रहेगी। इसे सत्ता परिवर्तन के बाद सुरक्षा व्यवस्था में किए गए प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं चुनाव परिणामों के बाद राज्य के कई हिस्सों से हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। विभिन्न स्थानों पर राजनीतिक टकराव की खबरों के बीच दो टीएमसी और दो भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की पुष्टि हुई है। इन घटनाओं के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्य में नई सरकार के गठन से पहले राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और सभी की नजरें अब 8 मई को होने वाली विधायक दल की बैठक और 9 मई के शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।