Wednesday, 06 May 2026

तिजारा से भाजपा विधायक महंत बालकनाथ ने विवाद पर जताया खेद, बोले—“किसी समाज को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं था”


तिजारा से भाजपा विधायक महंत बालकनाथ ने विवाद पर जताया खेद, बोले—“किसी समाज को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं था”

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अलवर। तिजारा से भाजपा विधायक महंत बाबा बालकनाथ द्वारा सेन समाज को लेकर की गई टिप्पणी पर बढ़ते विवाद के बीच उन्होंने मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया के माध्यम से खेद प्रकट किया। करीब 3 बजे अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर जारी पोस्ट में बालकनाथ ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी जाति या समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि टपूकड़ा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में गड़बड़ी की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे और घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसी दौरान उनके द्वारा कहे गए कुछ शब्दों को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी भी कथन से सेन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे इसके लिए खेद प्रकट करते हैं।

बालकनाथ ने आगे लिखा कि वे आशा करते हैं कि सेन समाज उनके वास्तविक भाव को समझेगा और पहले की तरह सहयोग एवं स्नेह बनाए रखेगा। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विवाद को समाप्त करने की अपील भी की। इस बयान को भाजपा द्वारा पहले से किए गए माफी के प्रयास के बाद स्थिति को शांत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts