



जयपुर। तिजारा विधायक महंत बालकनाथ की ओर से सेन समाज को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद गहराने के बाद भाजपा ने डैमेज कंट्रोल करते हुए माफी मांगी है। मंगलवार को सेन समाज का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचा और विधायक के बयान पर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने समाज के लोगों से मुलाकात कर खेद व्यक्त किया।
मुलाकात के बाद मदन राठौड़ ने कहा कि “मैं इस परिवार का मुखिया होने के नाते सेन समाज से माफी मांगता हूं। समाज हमेशा बड़ा होता है और किसी भी समाज के प्रति इस तरह की टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित विधायक को आवश्यक संदेश दे दिया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसका ध्यान रखा जाएगा।
गौरतलब है कि 1 मई की रात को विधायक बालकनाथ टपूकड़ा कस्बे में इंटलॉकिंग टाइल बिछाने के कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान काम की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जेईएन छोटेलाल मीणा से फोन पर बातचीत में आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी, जिससे सेन समाज में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस बयान की चर्चा तेज हो गई थी और समाज के लोगों ने कार्रवाई की मांग की थी। भाजपा नेतृत्व द्वारा माफी मांगने के बाद अब विवाद को शांत करने की कोशिश की जा रही है।