



जयपुर। पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले केरल के परिणामों पर भी नजर डालनी चाहिए। यदि भाजपा वास्तव में चुनावों में गड़बड़ी कर सकती, तो केरल और तमिलनाडु में भी ऐसा कर सकती थी, लेकिन वहां के नतीजे खुद यह साबित करते हैं कि ऐसे आरोप निराधार हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है, जिसका किसी भी राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसे में चुनाव आयोग पर आरोप लगाना न केवल अनुचित है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भी सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर पार्टी केरल में जीत का जश्न मना रही है, वहीं पश्चिम बंगाल में हार के बाद चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है और उसे यह देखना चाहिए कि चुनावी हार के पीछे क्या कारण रहे। राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने जहां भी कम सीटें हासिल की हैं, वहां भी जनादेश को स्वीकार किया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि तमिलनाडु में भाजपा को सीमित सफलता मिली, फिर भी पार्टी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने यह भी कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से चुनाव संपन्न होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि अब राजनीति में बदले की भावना छोड़कर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है।