



पंचकूला। जर्नलिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट यूनाइटेड प्रेस क्लब द्वारा आयोजित जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग के पहले संस्करण का समापन ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला (पंजाब) में रोमांचक अंदाज में हुआ। फाइनल मुकाबले में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही राजस्थान ने टूर्नामेंट के पहले संस्करण में अपना दबदबा साबित किया।
टॉस जीतकर राजस्थान के कप्तान और प्रेस क्लब जयपुर के अध्यक्ष मुकेश मीणा ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। हिमाचल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 152 रन बनाए। टीम की ओर से रिम्पू ने 44 रन और नरवीर ठाकुर ने 35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। राजस्थान की ओर से सतीश कुमावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि मनीष दीक्षित ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को सीमित स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।
153 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम ने संयमित शुरुआत की। शुरुआती विकेट गिरने के बाद सतीश कुमावत ने 37 गेंदों में 52 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्हें आदित्य आत्रेय (37 रन) और गर्वित नारंग (17 रन) का अच्छा साथ मिला। राजस्थान ने 19 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला जीत लिया। हिमाचल की ओर से राकेश सकलानी ने 2 विकेट लिए।
सतीश कुमावत को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। कप्तान मुकेश मीणा ने टीम की जीत पर सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “कलम के सिपाहियों ने मैदान पर भी अपना परचम लहराया है।”
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के मीडिया एडवाइजर परवीन अत्रे और एडीजीपी कौस्तुभ शर्मा भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में राजीव दत्ता ने इस आयोजन की सराहना करते हुए घोषणा की कि जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग का अगला संस्करण जयपुर में आयोजित किया जाएगा।