Tuesday, 05 May 2026

बीसीआर चुनाव री-पोलिंग शांतिपूर्वक संपन्न, चार केंद्रों पर 65.11% मतदान; रायसिंहनगर में सबसे ज्यादा 91.98% वोटिंग


बीसीआर चुनाव री-पोलिंग शांतिपूर्वक संपन्न, चार केंद्रों पर 65.11% मतदान; रायसिंहनगर में सबसे ज्यादा 91.98% वोटिंग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर/जोधपुर/श्रीगंगानगर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) चुनाव के तहत सोमवार को चार प्रमुख केंद्रों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। हाईकोर्ट जयपुर पीठ, जयपुर सेशन कोर्ट, जोधपुर सेशन कोर्ट और श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया गया। 22 अप्रैल को इन केंद्रों पर अव्यवस्था और फर्जी मतदान के आरोपों के चलते हाई पावर्ड कमेटी ने री-पोलिंग के आदेश दिए थे।

कुल 28,281 पंजीकृत मतदाताओं में से 18,413 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 65.11% दर्ज हुआ। जयपुर हाईकोर्ट पीठ में सबसे अधिक 14,781 मतदाता थे, जिनमें से 8,857 ने मतदान किया और यहां करीब 59.92% मतदान रहा। वहीं जयपुर सेशन कोर्ट में 78.46% और जोधपुर सेशन कोर्ट में 64.79% मतदान दर्ज किया गया। सबसे अधिक मतदान श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर केंद्र पर हुआ, जहां 91.98% अधिवक्ताओं ने वोट डाले।

पुनर्मतदान के दौरान व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि चुनाव प्रक्रिया में सहयोग के लिए 20 वरिष्ठ अधिवक्ताओं की विशेष समिति भी बनाई गई थी। जयपुर हाईकोर्ट परिसर में लगभग 800 कर्मियों और अधिवक्ताओं की टीम को व्यवस्थाओं के लिए लगाया गया था। अतिरिक्त चुनाव अधिकारी दिनेश पाठक ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई।

इस बार पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए मतदान केंद्रों पर विशेष प्रबंधन किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन और चुनाव समिति के प्रयासों से पुनर्मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से पूरा हुआ।

Previous
Next

Related Posts