



जयपुर। कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आज लोकसभा द्वारा गठित समितियों की समीक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। यह इस समिति की दूसरी बैठक है, जबकि पहली बैठक भोपाल में संपन्न हो चुकी है। इस बैठक में छह राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष शामिल होकर विधान मंडलों की समितियों को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने के विषय पर विचार-विमर्श करेंगे। बैठक को संसदीय कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
इसी क्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने विधानसभा परिसर में एक अभिनव पहल करते हुए हर्बल वाटिका और नक्षत्र वाटिका का निर्माण कराया है। इन दोनों वाटिकाओं का 5 मई मंगलवार को सुबह 10 बजे पांच राज्यों के स्पीकर्स की उपस्थिति में लोकार्पण किया जाएगा। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और भारतीय पारंपरिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
पांच राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों के जयपुर आगमन पर पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में उनका स्वागत भी किया जाएगा। विधानसभा परिसर में लोक कलाकारों द्वारा सारंगी वादन पर “पधारो म्हारो देश” की धुन प्रस्तुत की जाएगी, वहीं कच्छी घोड़ी नृत्य के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया जाएगा।
इस पूरे कार्यक्रम को राजस्थान विधानसभा में नवाचार और सांस्कृतिक परंपरा के समन्वय के रूप में देखा जा रहा है, जहां एक ओर संसदीय व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण और संस्कृति को भी बढ़ावा दिया जाएगा।