



जयपुर। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच राजस्थान पुलिस ने अपने जवानों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। महानिदेशक पुलिस (DGP) राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राज्यभर के पुलिस जवानों को 5 लाख ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट) पैकेट्स वितरित किए जाएंगे, ताकि ड्यूटी के दौरान डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से उन्हें बचाया जा सके। इस पहल को पुलिस महकमे में एक संवेदनशील और सराहनीय कदम माना जा रहा है।
इस अभियान में रोटरी क्लब मुंबई से जुड़े प्रवासी राजस्थानी आशीष पोद्दार का विशेष सहयोग मिला है। उनके सहयोग से यह राहत सामग्री पुलिस जवानों तक पहुंचाई जा रही है। अभियान का संचालन डीआईजी प्रशिक्षण शरद चौधरी के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन में यह सामग्री राज्य के 12 पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों और राजस्थान से बाहर संचालित 4 केंद्रों तक भेजी जा रही है। साथ ही, रेंज आईजी के माध्यम से प्रत्येक कांस्टेबल तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
योजना के अनुसार प्रत्येक पुलिस जवान को 10-10 ओआरएस पैकेट्स दिए जाएंगे। विशेष रूप से यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, गश्त और अन्य सार्वजनिक ड्यूटी में तैनात जवानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इस समय प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है, जिससे मैदान में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए यह पहल बेहद उपयोगी साबित होगी।
अभियान के तहत पहली खेप सोमवार को राजस्थान पुलिस अकादमी पहुंची, जिसमें करीब 90 हजार ओआरएस पैकेट्स शामिल थे। इन पैकेट्स को विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों और जिलों में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मंगलवार को दूसरी खेप में भी लगभग 90 हजार पैकेट्स आने की संभावना है, जबकि अगले कुछ दिनों में शेष आपूर्ति भी पूरी कर दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पहल न केवल जवानों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उनके मनोबल को भी मजबूत करेगी। भीषण गर्मी के बीच यह अभियान वास्तव में पुलिसकर्मियों के लिए “राहत की ठंडी फुहार” साबित हो रहा है।