



उदयपुर। शहर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मादड़ी ब्रिज पर रात करीब 1:30 बजे हुआ, जहां कार और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहन रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरे। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रात के अंधेरे के कारण बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं। घायल दो लोगों को तुरंत एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों में से दो की पहचान अर्जुनसिंह पुत्र सागर सिंह (निवासी देवास, मध्यप्रदेश, वर्तमान में हिरण मगरी सेक्टर-7) और सौरभ (निवासी भोपाल, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। घायलों की पहचान योगेश भाट (निवासी मादड़ी प्रतापनगर) और शिवम भाट (निवासी मादड़ी चौराहा, प्रतापनगर) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को नीचे से निकालकर थाने पहुंचाया है। तीनों शवों को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।