



जयपुर/उदयपुर/बाड़मेर/बारां। राजस्थान में कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है। सोमवार को उदयपुर, बाड़मेर और बारां जिलों के न्यायालयों को ईमेल के जरिए धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियातन तीनों जगह कोर्ट परिसर खाली करवा दिए गए और पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। फिलहाल सभी स्थानों पर सर्च ऑपरेशन जारी है और किसी संदिग्ध वस्तु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उदयपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय में सुबह करीब 8:30 बजे बम की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर खाली कराया और सभी गेट बंद कर सुरक्षा घेरा बना दिया। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एटीएस की टीमें कोर्ट परिसर के हर कोने की गहन तलाशी ले रही हैं। वकीलों और अन्य कर्मचारियों को काम शुरू होने से पहले ही बाहर भेज दिया गया।
बाड़मेर में भी जिला न्यायालय को इसी तरह की धमकी मिली, जिसके बाद वहां भी कोर्ट परिसर को खाली करवा लिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 9 मार्च को भी बाड़मेर कोर्ट को इसी प्रकार की धमकी मिली थी।
वहीं बारां जिले में सीजेएम की आधिकारिक ईमेल आईडी पर संदिग्ध मेल मिलने के बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। यहां भी एहतियातन कोर्ट परिसर खाली करवा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर जांच में जुटी हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार तीनों जगहों पर धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है। पुलिस तकनीकी जांच कर रही है कि ईमेल कहां से भेजे गए और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने आमजन से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच कर रही हैं।