Monday, 04 May 2026

राजस्थान बार काउंसिल चुनाव: चार केंद्रों पर री-पोलिंग जारी, कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान


राजस्थान बार काउंसिल चुनाव: चार केंद्रों पर री-पोलिंग जारी, कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर/जोधपुर/श्रीगंगानगर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) चुनावों को लेकर सोमवार सुबह 8 बजे से चार स्थानों पर री-पोलिंग शुरू हो गई है। हाईकोर्ट जयपुर पीठ, जयपुर सेशन कोर्ट, जोधपुर सेशन कोर्ट और श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में 22 अप्रैल को अव्यवस्थाओं और धांधली के आरोपों के चलते मतदान रद्द कर दिया गया था। अब इन सभी केंद्रों पर पुनः मतदान कराया जा रहा है, जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगा।

हाईकोर्ट जयपुर पीठ सबसे संवेदनशील केंद्र माना जा रहा है, जहां 14,781 मतदाता पंजीकृत हैं। पिछली बार यहां अव्यवस्थाओं के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यहां दो मतदान बूथ बनाए गए हैं और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदाताओं को केवल गेट नंबर-3 से प्रवेश दिया जा रहा है।

हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी ने पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों के 200 मीटर दायरे में चुनाव प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। मोबाइल फोन, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को मतदान केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं है। केवल अधिकृत मतदाताओं को ही बूथ में प्रवेश दिया जा रहा है।

जयपुर हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा के लिए करीब 350 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। निगरानी के लिए 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 5 एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया का लाइव टेलीकास्ट भी किया जा रहा है। साथ ही चुनाव संचालन में सहयोग के लिए 20 वरिष्ठ वकीलों की विशेष समिति गठित की गई है।

वहीं श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में भी पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ है। यहां उपखंड अधिकारी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।

Previous
Next

Related Posts