Monday, 04 May 2026

खाटूश्यामजी में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने किए दर्शन, विकास कार्यों का लिया जायजा


खाटूश्यामजी में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने किए दर्शन, विकास कार्यों का लिया जायजा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

सीकर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को खाटूश्यामजी पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में सेवक परिवार के प्रताप सिंह चौहान और नरेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें श्याम बाबा का बागा ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने खाटूश्यामजी में ‘स्वदेश दर्शन योजना’ के तहत करीब 52 बीघा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, कथा पांडाल और अन्य निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मीडिया से बातचीत में दीया कुमारी ने बताया कि विकास कार्यों की समीक्षा के साथ जनप्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण सुझाव भी लिए गए हैं, ताकि खाटूधाम को और अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर खंडेला विधायक सुभाष मील, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री के होटल पहुंचने पर प्रमोद शर्मा और हितांशु भारद्वाज ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया, वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता इंदिरा चौधरी गठाला भी मौजूद रहीं।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि खाटूश्यामजी क्षेत्र को भविष्य में एक भव्य पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Previous
Next

Related Posts