



नई दिल्ली/मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स को लेकर बड़ी कारोबारी डील सामने आई है। दुनिया के अग्रणी स्टील कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल और उनके पुत्र आदित्य मित्तल ने इस टीम में नियंत्रणकारी हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इस सौदे में सीरम इंस्टीट्यूट के प्रमुख अदार पूनावाला भी साझेदार के रूप में शामिल हैं। इस डील की अनुमानित एंटरप्राइज वैल्यू करीब 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 15,660 करोड़ रुपये) बताई जा रही है, जो IPL इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी डील मानी जा रही है।
डील के पूरा होने के बाद राजस्थान रॉयल्स में मित्तल परिवार के पास लगभग 75 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि अदार पूनावाला करीब 18 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ प्रमुख भागीदार बने रहेंगे। शेष लगभग 7 प्रतिशत हिस्सेदारी टीम के मौजूदा प्रमोटर मनोज बडाले और अन्य निवेशकों के पास रहेगी। इस निवेश के साथ मित्तल परिवार का खेल और मनोरंजन क्षेत्र में प्रवेश भी मजबूत माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले 28 मार्च को पीटीआई की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि भारतीय मूल के अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी और उनके कॉन्सोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स के लिए लगभग 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,289 करोड़ रुपये) की बोली लगाई थी। हालांकि बाद में यह सौदा आगे नहीं बढ़ पाया और कॉन्सोर्टियम ने इससे पीछे हटने का निर्णय लिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस डील से IPL फ्रेंचाइजी की वैल्यू में लगातार हो रही वृद्धि का संकेत मिलता है और वैश्विक निवेशकों का भारतीय क्रिकेट लीग पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
