



जोधपुर। पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह जसोल ने अपने ऊपर नजर रखे जाने और पीछा किए जाने की आशंका जताते हुए कहा है कि पिछले दो दिनों से उन्हें किसी “तीसरी निगाह” का अहसास हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार व्यक्ति लगातार उनका पीछा कर रहा है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि पीछा करने वाला कौन है, लेकिन उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
मानवेन्द्र सिंह जसोल जोधपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए। इज़राइल-ईरान तनाव पर उन्होंने कहा कि युद्ध की स्थिति का प्रभाव वैश्विक स्तर पर पड़ेगा, जिससे पेट्रोल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी संभव है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है।
पश्चिम बंगाल के चुनावी परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने काफी मेहनत की है। उन्होंने टीएमसी की शिकायतों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए सकारात्मक संकेत बताया। वहीं, रिफाइनरी हादसे के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आधिकारिक जांच रिपोर्ट के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि स्टील की गुणवत्ता में कोई कमी रही होगी, क्योंकि वहां अनुभवी इंजीनियर मौजूद थे और प्रधानमंत्री का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था।
पंचायती राज चुनावों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा सरकार से अधिक ओबीसी आयोग की रिपोर्ट पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि जब तक आयोग की रिपोर्ट नहीं आती, तब तक चुनाव कराना संभव नहीं है।