Sunday, 03 May 2026

दिल्ली में न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध मौत, कड़कड़डूमा कोर्ट के अधिकारी ने कथित रूप से की आत्महत्या


दिल्ली में न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध मौत, कड़कड़डूमा कोर्ट के अधिकारी ने कथित रूप से की आत्महत्या

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित लोअर कोर्ट में तैनात एक न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो नॉर्थ-ईस्ट जिला में कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (DLSA) में फुल-टाइम सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने कथित रूप से अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिवार के एक रिश्तेदार द्वारा पुलिस और मीडिया को दिए गए बयान में दावा किया गया है कि अमन कुमार शर्मा ने अपनी पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाई। हालांकि, पुलिस ने इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी और वे अपने कार्यकाल के दौरान न्यायिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।

मृतक की पत्नी स्वाति भी एक न्यायिक अधिकारी बताई जा रही हैं। रिश्तेदारों के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और स्थिति तनावपूर्ण थी। आरोप यह भी है कि बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर को कथित रूप से पुलिस में शिकायत की धमकी दी गई थी। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले अमन ने अपने पिता से फोन पर बातचीत में मानसिक तनाव की बात कही थी और स्वयं को परेशान बताया था। इसके बाद अगले दिन उनकी मौत की खबर सामने आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना ने न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में भी चिंता का विषय पैदा कर दिया है।

    Previous
    Next

    Related Posts