



जयपुर। शहर के जवाहर नगर थाना पुलिस ने बीएसएनएल की भूमिगत केबल से कॉपर वायर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किया गया कॉपर वायर, खुदाई में उपयोग होने वाले उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह कार्रवाई क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं के बाद की गई, जिससे दूरसंचार सेवाओं पर भी प्रभाव पड़ रहा था।
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि गिरोह पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम देता था और इसके सदस्य तकनीकी जानकारी का उपयोग कर भूमिगत केबलों को निशाना बनाते थे। गिरोह का सरगना नूर आलम उर्फ गुड्डु पूर्व में भूमिगत केबल और पाइपलाइन बिछाने के कार्य से जुड़ा रहा है, जिससे उसे जमीन के नीचे बिछी केबलों की सटीक जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर वह चोरी की योजना तैयार करता था।
पुलिस के अनुसार, इस काम को अंजाम देने के लिए नूर आलम ने भूमिगत मशीन संचालन में माहिर आरोपी आरिफ इस्लाम उर्फ राजा को अपने साथ जोड़ा। आरिफ ने अपने भाई राहुल इस्लाम के माध्यम से पश्चिम बंगाल से मजदूर बुलाए, जिसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर एक संगठित टीम बनाई और जवाहर नगर क्षेत्र में बीएसएनएल की केबलों को निशाना बनाना शुरू किया।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से गिरोह की गतिविधियों पर रोक लगी है और अन्य संभावित वारदातों को भी टाल दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों एवं नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।