



खाटूश्यामजी में दांतारामगढ़ रोड स्थित ‘श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस’ में शुक्रवार तड़के हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:23 बजे कर्मचारियों के दल-बदल को लेकर चल रही आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद कुछ गेस्ट हाउस संचालकों द्वारा अवैध रूप से परिसर में प्रवेश कर मारपीट और तोड़फोड़ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रवीण नायक नूनावत के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस उपाधीक्षक आनंद राव के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तेजी से कार्रवाई की, जिसके चलते तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
वहीं, कानून-व्यवस्था भंग करने और प्रशासन को धमकी देने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए नगरपालिका प्रशासन ने हमलावर पक्ष के गेस्ट हाउसों के खिलाफ सीजर (सीलिंग) की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अशांति फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।