



खाटूश्यामजी । सचिन पायलट शनिवार को खाटूश्यामजी पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए। दर्शन के दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की। उनके आगमन पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर श्याम मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान तथा मंदिर सेवक परिवार के नरेंद्र सिंह चौहान और मनन सिंह चौहान ने पायलट का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। उन्हें बाबा श्याम का प्रतीक चिन्ह भेंट कर दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और मंदिर की ओर से आशीर्वाद प्रदान किया गया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भी पायलट के दर्शन किए और उनका अभिवादन किया। यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ जनसंपर्क के रूप में भी देखा जा रहा है, जहां उन्होंने आमजन से संवाद भी किया। खाटूश्यामजी में पायलट के आगमन को लेकर दिनभर हलचल बनी रही।